टाटा स्टील AGM 2026: मजबूत वित्तीय प्रदर्शन, ₹4 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान, भारत में विस्तार और ग्रीन स्टील पर रहेगा फोकस


जमशेदपुर/नई दिल्ली: टाटा स्टील की 119वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) गुरुवार को आयोजित हुई। इस दौरान चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने अपने संबोधन में कंपनी की उपलब्धियों, भविष्य की रणनीति और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026 में टाटा स्टील ने मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया। कंपनी का समेकित राजस्व 6 प्रतिशत बढ़कर ₹2,32,140 करोड़ पहुंच गया, जबकि EBITDA 35 प्रतिशत बढ़कर ₹34,848 करोड़ और कर पश्चात लाभ (PAT) 243 प्रतिशत बढ़कर ₹10,886 करोड़ हो गया। कंपनी का शुद्ध कर्ज भी घटकर ₹80,144 करोड़ रह गया।चेयरमैन ने बताया कि निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026 के लिए ₹4 प्रति इक्विटी शेयर डिविडेंड की सिफारिश की है।

उन्होंने कहा कि भारत में टाटा स्टील ने कलिंगानगर प्लांट के दूसरे चरण का विस्तार पूरा कर कुल उत्पादन क्षमता 26.1 मिलियन टन प्रति वर्ष कर दी है। कंपनी का लक्ष्य भविष्य में इसे 40 मिलियन टन प्रति वर्ष तक पहुंचाना है। इसके साथ ही रक्षा, ऑटोमोबाइल, शिपबिल्डिंग और वैल्यू एडेड स्टील उत्पादों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

यूरोप में कंपनी लो-कार्बन स्टील उत्पादन की दिशा में तेजी से काम कर रही है। ब्रिटेन के पोर्ट टालबोट में इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (EAF) परियोजना पर काम शुरू हो चुका है, जबकि नीदरलैंड्स में पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप दीर्घकालिक समाधान विकसित किए जा रहे हैं।एन. चंद्रशेखरन ने बताया कि टाटा स्टील डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पर भी तेजी से आगे बढ़ रही है। 

कंपनी ने उत्पादन, सुरक्षा और ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के लिए 860 से अधिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल लागू किए हैं। कंपनी के डिजिटल प्लेटफॉर्म आशियाना और DigECA का संयुक्त ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू ₹9,360 करोड़ तक पहुंच गया।उन्होंने कहा कि सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी संयंत्रों में जीरो-हार्म संस्कृति को मजबूत किया जा रहा है।

 वहीं, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत वित्त वर्ष 2026 में ₹473 करोड़ खर्च किए गए, जिससे देशभर में 69 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिला।अपने संबोधन के अंत में चेयरमैन ने कहा कि टाटा स्टील एक बड़े, हरित, स्मार्ट और अधिक मजबूत भविष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है तथा कंपनी आने वाले वर्षों में भी सतत विकास और नवाचार के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

Comments

और नया पुराने