*भाजपा जिला कार्यालय में सांगठनिक प्रवास कार्यक्रम की बैठक, संगठन मजबूती और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा*


चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी के जिला सांगठनिक प्रवास कार्यक्रम के तहत मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय, पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में जिला कमेटी, मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा एवं जिला प्रभारी विनय जायसवाल ने संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और क्षेत्र की जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुई। इसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुवर गागराई, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता जे. बी. तुबिड, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष चंद्र मोहन तिऊ, नगर परिषद प्रत्याशी रहे रमेश खिरवाल और पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश पुरी सहित जिला एवं मंडल स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के बाद जिले में चल रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। क्षेत्रीय गतिविधियों, कार्यक्रमों के संचालन में आ रही समस्याओं और आम लोगों की परेशानियों पर भी चर्चा हुई। प्रदेश नेतृत्व ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।

मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने पिछले एक माह में भाजपा की ओर से किए गए कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी संगठनात्मक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों को जिम्मेदारी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण से प्रेरणा लेते हुए झारखंड में भी संगठन को और मजबूत बनाने की जरूरत है।बैठक में कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को रखा। इस पर प्रदीप वर्मा ने कहा कि सभी मुद्दों को प्रदेश स्तर पर उठाया जाएगा और समाधान के लिए पहल की जाएगी।उन्होंने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झामुमो और कांग्रेस की सरकार से जनता का मोहभंग हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विकास, कानून-व्यवस्था, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्र में विफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास को लेकर स्पष्ट सोच और कार्ययोजना का अभाव है।जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी में हुई चाकूबाजी की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनजातीय समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए लगातार जनसंपर्क बनाए रखने को कहा।बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments

और नया पुराने