चाईबासा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत एन्यूमरेशन चरण में पश्चिमी सिंहभूम जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है। फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन के मामले में जिला फिलहाल राज्य में पहले स्थान पर है।
जिला प्रशासन ने इसका श्रेय निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मियों के समन्वित प्रयासों को दिया है।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन का कार्य तेजी से चल रहा है।
अब तक 2,96,387 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो जिले के कुल लक्षित मतदाताओं का 27.34 प्रतिशत है। यह प्रदर्शन राज्य में सबसे बेहतर है। वहीं, प्राप्त प्रपत्रों में से 6,036 का डिजिटाइजेशन बीएलओ ऐप के माध्यम से किया जा चुका है।उन्होंने बताया कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के 39 मतदान केंद्रों पर तकनीकी कारणों से ऑनलाइन फॉर्म वितरण संभव नहीं हो पाया।
हालांकि सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म का वितरण सुनिश्चित कर दिया गया है, जिससे अभियान की प्रगति प्रभावित नहीं हुई है।मनीष कुमार ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों तथा निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया है कि अगले दो दिनों के भीतर गणना प्रपत्रों का वितरण 50 प्रतिशत तक पूरा करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला आगामी चरणों में भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखते हुए राज्य में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रखेगा और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करेगा। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
Tags
चाईबासा
Comments