रांची पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के स्टेट चीफ और 10 लाख रुपये के ईनामी कुख्यात नक्सली अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को पुलिस ने देर रात लापुंग थाना क्षेत्र के महुगांव जंगल से गिरफ्तार कर लिया।बताया जा रहा है कि अमृत होरो अपने हथियारबंद साथियों के साथ इलाके में घूम रहा था और किसी बड़ी उग्रवादी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। इसी बीच वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी रांची श्री गौरव गोस्वामी के नेतृत्व एवं डीएसपी बेड़ो श्री दीपक कुमार की अगुवाई में गठित टीम ने महुगांव जंगल इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई की। देर रात चलाए गए अभियान के दौरान एक हथियारबंद व्यक्ति को दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या के रूप में बताई, जो प्रतिबंधित संगठन PLFI का स्टेट चीफ निकला।पुलिस के अनुसार अमृत होरो झारखंड के रांची समेत कई जिलों में नक्सली गतिविधियों का मास्टरमाइंड रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, लेवी वसूली, फायरिंग और आगजनी जैसे गंभीर मामलों में 50 से अधिक कांड दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।जानकारी के मुताबिक अमृत होरो व्यवसायियों और प्रतिष्ठित लोगों को फोन एवं सोशल मीडिया ऐप के जरिए जान से मारने की धमकी देता था और मोटी रंगदारी की मांग करता था। रांची, गुमला और खूंटी सहित कई जिलों में उसके नेटवर्क का आतंक फैला हुआ था।छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके पास सेएक स्वचालित पिस्टल,चार जिंदा कारतूस,तीन मोबाइल फोनऔरPLFI के नक्सली पर्चे बरामद किए हैं।पुलिस सूत्रों की मानें तो अमृत होरो की गिरफ्तारी PLFI नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके अन्य सहयोगियों और संगठन के नेटवर्क को लेकर पूछताछ में जुटी हैं।रांची पुलिस की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए अमृत होरो सिरदर्द बना हुआ था।
रांची पुलिस को बड़ी सफलता, 10 लाख का ईनामी PLFI स्टेट चीफ अमृत होरो गिरफ्तार महुगांव जंगल से हथियार के साथ दबोचा गया कुख्यात नक्सली, कई बड़ी घटनाओं की थी साजिश
byAvinash Sharma
-
0
Comments