मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा जमशेदपुरमहानगर चलाएगी महाअभियान5 से 21 जून तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम, तैयारी बैठक में बनी रूपरेखा


जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” शीर्षक से विशेष महाअभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 5 जून से 21 जून तक जमशेदपुर महानगर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होगा।

अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर की महत्वपूर्ण बैठक बर्मामाइंस स्थित देवस्थान सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं अभियान के संयोजक उपस्थित रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शीर्ष पांच मंडल अध्यक्षों को सम्मानित भी किया गया।

प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष भारत के स्वाभिमान, सुशासन और जनकल्याण के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा, गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी। कार्यकर्ता “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।

उन्होंने बताया कि 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें समाज के प्रतिष्ठित लोगों से संवाद किया जाएगा। 13 जून को जिला स्तर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 16 से 18 जून के बीच प्रबुद्धजनों का विशाल सम्मेलन एवं प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंडल स्तर तक योग शिविरों के आयोजन के साथ होगा।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री जितेंद्र राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा ने किया।

बैठक में आभा महतो, मेनका सरदार, संजीव सिन्हा, रामबाबू तिवारी, चंद्रशेखर मिश्रा, दिनेश कुमार, सुधांशु ओझा, राजीव सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, मनोज सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, रीता मिश्रा, जटाशंकर पांडेय, खेमलाल चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments

और नया पुराने