जमशेदपुर/धालभूमगढ़: अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बागुनहातु घाट क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। धालभूमगढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे तीन 407 वाहनों को जब्त किया।प्रशासन की यह कार्रवाई पिछले तीन दिनों से लगातार जारी है। अभियान के दौरान बहरागोड़ा के बड़सोल क्षेत्र में छह ट्रक और एक ट्रैक्टर को भी अवैध बालू परिवहन के आरोप में जब्त किया गया। इससे पूर्व बहरागोड़ा के विभिन्न इलाकों में तीन ट्रिप ट्रेलर और एक ट्रैक्टर पर भी कार्रवाई की गई थी।खनन विभाग और प्रशासन की लगातार हो रही छापेमारी से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अवैध बालू खनन से न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि पर्यावरण और नदी तंत्र पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। प्रशासन की सख्ती से ऐसे कारोबार पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
जमशेदपुर में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, तीन दिनों में कई वाहन जब्त
byAvinash Sharma
-
0
Comments