हाईटेंशन तार की चपेट में आने से लॉजिस्टिक कंटेनर में लगी भीषण आग, चालक की मौके पर मौत

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में लॉजिस्टिक कंटेनर चालक की मौत हो गई। आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत पम्मी धर्मकांटा के समीप हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से कंटेनर में भीषण आग लग गई, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे एक बड़ा लॉजिस्टिक कंटेनर वजन कराने के लिए पम्मी धर्मकांटा की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन का ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया। संपर्क होते ही तेज चिंगारी निकली और कुछ ही क्षणों में कंटेनर आग की लपटों से घिर गया।हादसे में कंटेनर चालक भरत पटेल गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक भरत पटेल गोहरगंज के विनेका तहसील क्षेत्र के निवासी थे। घटना की सूचना ट्रांसपोर्टर के माध्यम से उनके परिजनों को दे दी गई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन का बड़ा हिस्सा पूरी तरह जल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

Comments

और नया पुराने