मानगो को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में बड़ी पहल, मेयर सुधा गुप्ता और बन्ना गुप्ता ने Tata Steel MD से की मुलाकात


जमशेदपुर:
मानगो नगर निगम के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने Tata Steel के प्रबंध निदेशक टी वी नरेंद्रन से शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक में मानगो को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक में “सुरक्षित मानगो अभियान” के तहत मानगो के विभिन्न चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करने पर सहमति बनी, ताकि अपराध नियंत्रण को मजबूत किया जा सके।
इसके अलावा मानगो चौक से डिमना चौक तक मुख्य सड़कों पर नाली निर्माण एवं नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया, जिससे जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
“ग्रीन मानगो” अभियान के तहत पृथ्वी पार्क एवं नेचर पार्क का सौंदर्यीकरण और ओपन जिम निर्माण भी Tata Steel के सहयोग से किया जाएगा। वहीं डिमना चौक के आगे प्रस्तावित वेंडर जोन निर्माण में भी सहयोग देने पर सहमति बनी, जिससे छोटे दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा।
बैठक में एमजीएम अस्पताल के समीप खाली भूमि पर पार्क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराने पर भी चर्चा हुई। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए Tata Steel Foundation के सहयोग से रोजगार उन्मुख योजनाएं तैयार करने की बात कही गई।
इसके अलावा मानगो छोटा पुल के मरम्मतीकरण, एमजीएम चौक से गोकुल नगर एवं डिमना के तटीय इलाकों में सड़क, नाली और सौंदर्यीकरण कार्य कराने पर भी सहमति बनी।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि Tata Steel का सहयोग मानगो को आधुनिक एवं व्यवस्थित शहर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। वहीं बन्ना गुप्ता ने इसे मानगो के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में Tata Steel के वीपी सीएस डी बी सुंदरम समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Comments

और नया पुराने