जमशेदपुर:
साकची थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस संबंध में साकची थाना कांड संख्या 40/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 मई 2026 को साकची थाना क्षेत्र स्थित करीम सिटी कॉलेज के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की घटना सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित छापामारी टीम ने कार्रवाई करते हुए शमशाद आलम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने साथी अरुण मुखर्जी का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने अरुण मुखर्जी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे साकची थाना समेत शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर नंबर प्लेट बदलकर तथा इंजन और चेसिस नंबर के साथ छेड़छाड़ कर वाहनों को बेचने का काम करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में शमशाद आलम (23 वर्ष), निवासी स्काई टच अपार्टमेंट, आजादनगर तथा अरुण मुखर्जी, निवासी समता नगर, मानगो शामिल हैं।
बरामद मोटरसाइकिलों में विभिन्न मॉडल की हीरो होंडा स्प्लेंडर और पैशन प्रो बाइक शामिल हैं।
इस कार्रवाई में साकची थाना के सहायक थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव समेत कई पुलिस पदाधिकारी और रिजर्व गार्ड शामिल रहे।
Comments