जादूगोड़ा/पोटका : पोटका प्रखंड के ग्वालकाटा पंचायत में 10 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क पिछले दो वर्षों से अधूरी पड़ी है। सड़क निर्माण कार्य ठप होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाराज ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को रांची पहुंचा और ग्रामीण कार्य विभाग के मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की।जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में पोटका विधायक संजीव सरदार ने करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना का शिलान्यास किया था। इस सड़क का निर्माण ग्वालकाटा पंचायत अंतर्गत गौड़ग्राम रामजांगा से शासनघुटू, मोहनाडीह, चुकनुटांड़, बालियागोड़ा होते हुए बांकाई तक किया जाना था। शिलान्यास के समय ग्रामीणों को उम्मीद थी कि वर्षों पुरानी जर्जर सड़क की समस्या समाप्त हो जाएगी, लेकिन कुछ किलोमीटर सड़क निर्माण के बाद कार्य बंद हो गया और संवेदक कथित रूप से गायब हो गया।ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। सड़क नहीं बनने से आदिवासी बहुल आबादी सबसे अधिक प्रभावित हो रही है।अधूरी सड़क निर्माण के विरोध में पूर्व मुखिया सह पंचायत समिति सदस्य सीताराम हांसदा के नेतृत्व में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल रांची पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण कार्य विभाग के मुख्य सचिव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।प्रतिनिधिमंडल में ग्वालकाटा पंचायत के ग्राम प्रधान सिमाल हांसदा, मोहन मांझी, दुर्गा चरण मुर्मू, सहदेव हेंब्रम, बारियर हांसदा सहित कई ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विभाग उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरी सड़क को लेकर क्षेत्र में सरकार और संबंधित विभाग के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है तथा ग्रामीण अब जल्द से जल्द इस परियोजना को पूरा होते देखना चाहते हैं।
Tags
पोटका
Comments