भोजन और पानी की तलाश में भटक रहा हाथी, वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा, वार्ड नंबर 10 के लोगों में दहशत।


चाकूलिया : पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में गुरुवार शाम 'रामलाल' नामक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हवाई पट्टी को बड़ा मारा सड़क से जोड़ने वाली नहर की सर्विस सड़क पर पहुंचे हाथी ने करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर दी और राहगीरों में अफरा-तफरी मचा दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी सड़क किनारे लगे खजूर के पेड़ों को अपने पैरों से तोड़कर उनके तनों को खाता रहा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बांस लदे एक ट्रैक्टर और एक हाइवा को भी हाथी ने टक्कर मार दी तथा उन्हें पलटने की कोशिश की। ट्रैक्टर चालक किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला, जबकि हाइवा चालक वाहन के अंदर छिपकर सुरक्षित रहा।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और हाथी को आबादी से दूर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया। हाथी को देखने के लिए मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाथी को समय रहते जंगल की ओर नहीं भेजा गया, तो शाम ढलते ही वह नगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 में प्रवेश कर जान-माल का बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी के नजदीक न जाएं, भीड़ न लगाएं और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।

Comments

और नया पुराने