90 दिवसीय कानूनी जागरूकता अभियान के तहत गोइलकेरा पहुंचा न्याय रथ, ग्रामीणों को बताए गए उनके अधिकार और कानूनी सहायता के उपाय

चाईबासा: नालसा, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के निर्देश पर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मौहम्मद शाकिर और सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में चल रहे 90 दिवसीय गहन कानूनी जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत न्याय रथ शुक्रवार को गोइलकेरा प्रखंड पहुंचा।इस अवसर पर सहायक एलएडीसी रत्नेश कुमार एवं अधिकार मित्रों ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर विधिक रूप से जागरूक किया। कार्यक्रम में नालसा की जागृति योजना के तहत न्याय जागरूकता पहल, सूचना के अधिकार और पारदर्शिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।रत्नेश कुमार ने कहा कि जानकारी के अभाव में कोई भी नागरिक अपने मौलिक अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के संरक्षण, बाल विवाह निषेध, घरेलू हिंसा तथा अन्य कानूनी मामलों में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि जरूरतमंद लोग नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क कर कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड सरकार की मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत स्पॉन्सरशिप योजना के लाभुकों एवं उनके अभिभावकों को योजना से जुड़ी जानकारी दी गई। साथ ही लाभुकों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा उनके मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास को सुनिश्चित करना है।कार्यक्रम के सफल संचालन में अधिकार मित्र एंजेला कांडुलना, मोहम्मद परवेज अंसारी, स्वेता नायक, साहू गगराई, सिमोन बरजो, श्रीकांत प्रधान और अरूप कुमार प्रधान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

Comments

और नया पुराने