चाईबासा: जिला उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देशानुसार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रायकेरा, मनोहरपुर में प्रशिक्षुओं के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय था— "तंबाकू समाज में एक बहुत बड़ी चुनौती"।कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता अनूप बागे ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को तंबाकू के बजाय अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए। स्वस्थ जीवन स्वयं और परिवार की खुशहाली के लिए आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि देश का विकास स्वस्थ युवा आबादी से ही संभव है, इसलिए युवाओं को तंबाकू उत्पादों से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए।अनूप बागे ने कोटपा अधिनियम 2003 तथा कोटपा (झारखंड संशोधन) अधिनियम 2021 की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसके प्रभावी अनुपालन से तंबाकू के उपयोग को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर तंबाकू उत्पादों के सेवन से बचा जा सकता है। साथ ही कोटपा संशोधन अधिनियम 2021 के तहत कानून एवं अर्थदंड में किए गए बदलावों की भी जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में भी जागरूक किया गया।
वक्ताओं ने बताया कि तंबाकू मृत्यु और बीमारी का एक प्रमुख कारण है तथा यह गैर-संचारी रोगों के लिए महत्वपूर्ण जोखिम कारक है। तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। लोगों में तंबाकू को दैनिक जीवन का हिस्सा मानने की मानसिकता को बदलने की आवश्यकता है।इस अवसर पर सदर अस्पताल में संचालित तंबाकू निवारण केंद्र (टीसीसी) की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि तंबाकू की लत छोड़ने के इच्छुक लोग वहां उपचार प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा तंबाकू छोड़ने के लिए राष्ट्रीय टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-11-2356 पर भी संपर्क किया जा सकता है।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षुओं ने तंबाकू सेवन नहीं करने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। मौके पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रायकेरा, मनोहरपुर के प्रिंसिपल तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
Comments