डुमरिया में प्रतिबंधित मांस बिक्री को लेकर उपजा विवाद प्रशासन ने सुलझाया, समझौते के बाद फुटबॉल प्रतियोगिता व मेले का हुआ शुभारंभ


पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड में रजो पर्व के उपरांत आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले और फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर उत्पन्न विवाद प्रशासन की तत्परता से सुलझ गया। आष्टकोशी स्पोर्ट क्लब कुमड़ाशोल द्वारा आयोजित मेले में प्रतिबंधित मांस की बिक्री के आरोप के बाद ग्रामीणों और आयोजकों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसे प्रशासन ने मध्यस्थता कर शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कराया।जानकारी के अनुसार, मेले में प्रतिबंधित मांस की बिक्री की सूचना मिलने पर स्थानीय रैयतों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप था

 कि इससे उनकी पारंपरिक मान्यताओं और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। विरोध स्वरूप ग्रामीणों ने फुटबॉल मैदान में सीमेंट के खंभे गाड़कर आयोजन का विरोध शुरू कर दिया।मामले की जानकारी मिलते ही डुमरिया थाना प्रभारी पंचम तिग्गा, गुड़ाबांदा थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी पवन कुमार, बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू तथा मुसाबनी डीएसपी सरोज राजवाड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों के साथ विस्तृत वार्ता की और आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराया।काफी देर तक चली बैठक के बाद

 आयोजकों और रैयतों के बीच लिखित समझौता हुआ। आयोजकों ने भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं होने देने का आश्वासन दिया, जबकि ग्रामीणों ने भी अपना विरोध वापस लेने पर सहमति जताई।समझौते के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय गणमान्य लोगों की उपस्थिति में मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।प्रशासन ने दोनों पक्षों से क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है।

Comments

और नया पुराने