रांची: झारखंड के होमगार्ड जवानों के लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर जेएलकेएम एससी मोर्चा के कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष राजा कालिंदी ने गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मंत्री के नया विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में दिया गया।ज्ञापन में बताया गया कि राज्य के कई होमगार्ड जवानों को पिछले तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। वेतन लंबित रहने के कारण जवानों एवं उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान कराया जाना आवश्यक है।राजा कालिंदी ने मंत्री से मांग की कि संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देकर होमगार्ड जवानों के लंबित वेतन का जल्द भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही भविष्य में वेतन भुगतान समय पर हो, इसके लिए भी स्थायी व्यवस्था की जाए।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।इस दौरान होमगार्ड जवानों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर भी चर्चा की गई। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद होमगार्ड जवानों में जल्द समाधान की उम्मीद जगी है।
Tags
रांची
Comments