कोर्ट के आदेश पर भालूबासा गोलचक्कर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, जेएनएसी-जुस्को की संयुक्त कार्रवाई में छह अवैध दुकानें हटाई गईं


जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भालूबासा गोलचक्कर के पास गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) और जुस्को की संयुक्त टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से छह अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी रही और कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल भी बना रहा।जानकारी के अनुसार, भालूबासा गोलचक्कर निवासी अजय नाथ ने वर्ष 2024 में अपने घर के सामने सरकारी भूमि पर बने अवैध दुकानों के खिलाफ न्यायालय में याचिका दायर की थी। याचिका में उन्होंने आरोप लगाया था कि अतिक्रमण के कारण उन्हें आवागमन और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने सरकारी जमीन से अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया था।न्यायालय के आदेश के अनुपालन में गुरुवार को जेएनएसी और जुस्को की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए अभियान जारी रखा। कार्रवाई में आशीष कुमार सोनकर, हरे कृष्णा पुथल, मनोज कुमार, संजय कुमार, शीतल और आरती की दुकानों को हटाया गया।प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Comments

और नया पुराने