चाईबासा: ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आसान और सुलभ परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झारखंड सरकार के परिवहन विभाग द्वारा पश्चिमी सिंहभूम जिले में “परिवहन कार्यालय आपके द्वार” महाअभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पंचायत और प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की सुविधा दी जा रही है।
अभियान के तहत लोगों को अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला परिवहन कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। शिविर में आवेदकों के लर्निंग लाइसेंस के लिए आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और कंप्यूटर आधारित लर्निंग टेस्ट मौके पर ही लिया जाएगा। टेस्ट में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को तत्काल लर्निंग लाइसेंस जारी किया जाएगा।
शिविर के दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट के उपयोग और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि शिविर का लाभ लेने के लिए इच्छुक आवेदकों को पहले सारथी पोर्टल के माध्यम से अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र या ऑनलाइन सेवा केंद्र से आवेदन करना होगा। लर्निंग लाइसेंस का निर्धारित शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जाएगा। इसमें UPI, Google Pay, PhonePe, Paytm या एटीएम कार्ड से भुगतान किया जा सकता है। शिविर में नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवेदकों को आवेदन का प्रिंटआउट साथ लाना होगा। शिविर में आने वाले लोगों को आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र, उम्र प्रमाण के लिए दसवीं की अंकपत्रिका या अन्य वैध दस्तावेज, पासपोर्ट आकार का नया फोटो, ब्लड ग्रुप की जानकारी तथा सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी छायाप्रति भी लानी होगी।परिवहन विभाग ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर समय पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं और सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।
Tags
चाईबासा
Comments