सोनुआ: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य सड़क पर निश्चितपुर स्कूल के समीप सोमवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल घंटी आधारित शिक्षिका वंदना महतो (23) की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका निश्चितपुर गांव की रहने वाली थीं और एसएस +2 हाई स्कूल, सोनुआ में घंटी आधारित शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं।जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह वंदना महतो अपने विद्यालय में पढ़ाने के लिए जा रही थीं।
इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं।घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल घायल शिक्षिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनुआ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इसके बाद परिजन और अन्य लोग उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चक्रधरपुर के एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान वंदना महतो ने दम तोड़ दिया।शिक्षिका की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद शव को सोनुआ के निश्चितपुर सड़क पर लाकर रख दिया गया और सड़क जाम कर दी गई। ग्रामीणों ने मृतका के परिवार को मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
घटना की जानकारी मिलने पर चक्रधरपुर जिला भाजपा जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक, आजसू नेता अमित महतो सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और सरकार व प्रशासन से ग्रामीणों की मांगों को पूरा करने की मांग रखी।घटना की सूचना मिलने पर सोनुआ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।घटना के बाद क्षेत्र में ट्रैक्टरों के अनियंत्रित संचालन को लेकर लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई जगहों पर नाबालिग और बिना वैध लाइसेंस वाले चालक ट्रैक्टर चला रहे हैं।
साथ ही लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से ट्रैक्टरों के कागजात, फिटनेस, बीमा और चालकों के लाइसेंस की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Comments