झारखंड भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह को खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति में मिली जगह, नेताओं ने दी बधाई



चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह को भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य नामित किया गया है। उनके इस मनोनयन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी का माहौल है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से किए गए इस नामांकन को पार्टी नेताओं ने गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण समितियों में से एक है। इस समिति के अध्यक्ष भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हैं। समिति में छह माननीय सांसदों सहित अन्य सदस्यों को शामिल किया गया है। अजय साह को इस समिति में सदस्य बनाए जाने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने अजय साह के मनोनयन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पश्चिमी सिंहभूम सहित पूरे झारखंड के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि अजय साह लंबे समय से संगठन और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्य कर रहे हैं। हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने में वह अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।

वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रताप कटियार महतो ने कहा कि अजय साह का चयन उनकी कार्यक्षमता और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इस महत्वपूर्ण समिति में सदस्य के रूप में काम करने का अवसर मिलना बड़ी जिम्मेदारी है। हिंदी के विकास, संवर्धन और उसके बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में अजय साह बेहतर योगदान देंगे, ऐसी उम्मीद है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि हिंदी देश की एक महत्वपूर्ण भाषा है और सरकारी कामकाज में इसके अधिक से अधिक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ऐसी समितियों की भूमिका अहम होती है। अजय साह के सदस्य बनने से हिंदी के प्रचार-प्रसार को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अजय साह के मनोनयन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। नेताओं ने विश्वास जताया कि वह समिति में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा हिंदी भाषा के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Comments

और नया पुराने