*शिक्षायतन विद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्रों ने लिया नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प*


चाईबासा: शिक्षायतन स्कूल चाईबासा में 25 जून 2026 को झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकारी रांची के निर्देशानुसार 90 दिवसीय कानून जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डालसा सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यक्रम में डालसा के सचिव रवि चौधरी, विद्यालय के निदेशक अनूप प्रसाद, प्रधानाचार्या आशा कुमारी, मुख्य अतिथि, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, गैर शिक्षण कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी और स्कूली बच्चों को नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रभाव और इसके सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच नैतिक मूल्यों और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए कई गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में नशा मुक्ति पर आधारित लघु नाटक की प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा छात्र-छात्राओं ने चित्रकला, कविता, निबंध, भाषण और क्विज प्रतियोगिता में भाग लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा कुमारी और मुख्य अतिथि ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। सभी ने शपथ ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी नशे से बचने के लिए प्रेरित करेंगे।

Comments

और नया पुराने