ट्रैक मेंटेनरों की समस्याओं को लेकर यूनियन ने सौंपा मांग पत्र


चक्रधरपुर: ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने चक्रधरपुर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत कर्मचारियों एवं ट्रैक मेंटेनरों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), चक्रधरपुर मंडल, दक्षिण पूर्व रेलवे को मांग पत्र सौंपा है।यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने बताया कि रेलवे के ट्रैक मेंटेनर कर्मचारी कठिन मौसम और विपरीत परिस्थितियों में कार्य करते हुए रेल ट्रैक की सुरक्षा और रखरखाव में अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन लंबे समय से उनकी कई समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।मांग पत्र में चक्रधरपुर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत पीडब्ल्यूआई और आईडब्ल्यू कर्मचारियों को आवास भत्ता (HRA) का भुगतान करने की मांग की गई है। इसके साथ ही ट्रैक मेंटेनरों को साइकिल भत्ता एवं एरिया भत्ता देने की मांग भी रखी गई है।यूनियन ने यह भी मांग की है कि इंजीनियरिंग विभाग में ट्रैक मेंटेनर से जूनियर इंजीनियर (JE) पद पर पदोन्नति के लिए साइंस विषय और आयु सीमा की बाध्यता समाप्त की जाए, ताकि योग्य कर्मचारियों को अवसर मिल सके।मांग पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में 17 पदों पर JE नियुक्ति की प्रक्रिया में केवल 2 ट्रैक मेंटेनरों का चयन हुआ था, जबकि शेष 15 पद रिक्त रह गए थे। यूनियन ने इन रिक्त पदों पर योग्य ट्रैक मेंटेनरों की शीघ्र नियुक्ति की मांग की है।इसके अलावा चक्रधरपुर मंडल के इंजीनियरिंग छात्रावास, जिसे जमशेदपुर स्थानांतरित किया गया है, वहां कर्मचारियों के लिए शुद्ध पेयजल, आरओ सिस्टम और कूलर की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।यूनियन ने विभिन्न रेलवे जोनों से एनओसी लेकर चक्रधरपुर मंडल आने वाले ट्रैक मेंटेनरों को कार्यमुक्त करने की मांग भी उठाई है, यह बताते हुए कि एनओसी की वैधता सीमित समय के लिए होती है।राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने कहा कि रेल सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ट्रैक मेंटेनरों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके और कार्यक्षमता बेहतर हो।इस मांग पत्र की प्रतिलिपि मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा), चक्रधरपुर मंडल को भी भेजी गई है।

Comments

और नया पुराने