जंगलों में बसे लोगों को अधिकार दिलाना ही बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : जोबा माझी


गोइलकेरा: गोइलकेरा प्रखंड के सुदूरवर्ती सारूडा गांव में मंगलवार को स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। भगवान बिरसा मुंडा कल्याण समिति, सारूडा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सिंहभूम सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में गुदड़ी प्रखंड प्रमुख सामी भेंगरा, जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन, झारखंड आंदोलनकारी बिरसा मुंडा, गोइलकेरा उप प्रमुख वरदान भुंइया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।

 ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने के साथ-साथ जल, जंगल और जमीन से जुड़े लोगों के हक और अधिकारों के लिए भी आवाज उठाई थी। आज उनके विचारों और सिद्धांतों को अपनाने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि "जंगलों में बसे लोगों को उनका अधिकार दिलाना ही भगवान बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।" क्षेत्र के विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि गोइलकेरा, गुदड़ी, सोनुवा और आनंदपुर प्रखंडों के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं पुल-पुलियों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि मोबाइल कनेक्टिविटी समेत अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।सांसद ने ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार देना भी समाज की जिम्मेदारी है, ताकि वे भविष्य में बेहतर नागरिक बन सकें।कार्यक्रम को झारखंड आंदोलनकारी बिरसा मुंडा, जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन, प्रखंड प्रमुख सामी भेंगरा और अकबर खान ने भी संबोधित किया तथा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य के साथ अतिथियों का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान बिरसा मुंडा पब्लिक स्कूल, सारूडा के निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले ग्रामीणों को सांसद जोबा माझी के हाथों सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम का संचालन कुशल रुगु ने किया। मौके पर बिरकेल की मुखिया कुंवारी बरजो, ग्रामीण मुंडा मंगरा मुंडा, रमेश लुगुन, चंदन बरजो, अल्फ्रेड भुंइया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।शॉर्ट हेडिंग:बिरसा मुंडा के विचारों को अपनाने का आह्वान, सारूडा में मनाई गई पुण्यतिथि

Comments

और नया पुराने