चाईबासा : टाटा कॉलेज चाईबासा में छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित, शिक्षा व्यवस्था को लेकर उठी आवाज



चाईबासा: कोल्हान छात्र संघर्ष समन्वय समिति के छात्र नेता सनातन पिंगुआ और पीपुन बारिक के संयोजन में टाटा कॉलेज चाईबासा परिसर में छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सनातन पिंगुआ ने किया।

संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक, वकील और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए। मौके पर युवा तुर्क यूथ इंटक के जिला अध्यक्ष सुरेश ने कहा कि देश और राज्य में छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ जिस तरह से खिलवाड़ हो रहा है, वह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि नीट, जेईई, शिक्षक भर्ती और एसएससी जैसी परीक्षाओं में गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कठिन मेहनत करते हैं। कई अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए जमीन तक बेच देते हैं, लेकिन वर्तमान शिक्षा व्यवस्था को लेकर बन रहा माहौल चिंताजनक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए जागरूक होकर संघर्ष करने की अपील की।

समाज के बुद्धिजीवी रोयाराम लागुरी ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी है। खेलकूद से छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य लाभ के साथ अनुशासन में रहने की सीख मिलती है।

युवा वकील सुरेंद्र पूरती ने कहा कि छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कोल्हान में छात्रों के हितों को लेकर बड़ा आंदोलन करने की आवश्यकता है, ताकि कोल्हान की आवाज देश स्तर तक पहुंच सके।

कार्यक्रम में गैर राजनीतिक सामाजिक संगठन झारखंड पुनरुथान अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकु, केंद्रीय महासचिव अमृत मांझी, सीनियर स्टूडेंट्स अल्बिन एक्का, संजीव बिरुआ, एलएलबी छात्रा पूनम सवैया सहित जनरल हॉस्टल और आदिवासी हॉस्टल के छात्र उपस्थित थे।

Comments

और नया पुराने