पश्चिमी सिंहभूम : सालीगुटू गांव की जमीन पुनर्वास योजना रद्द, ग्रामीणों ने उपायुक्त का जताया आभार


खूंटपानी: पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत सालीगुटू गांव में प्रस्तावित जमीन पुनर्वास योजना को फिलहाल रोक दिया गया है। जिला प्रशासन के इस निर्णय पर ग्रामीणों ने उपायुक्त का आभार व्यक्त किया है।

ग्रामीणों ने अपने भविष्य, जमीन और गांव के हितों को लेकर चिंता जताते हुए प्रस्तावित योजना का विरोध किया था। ग्रामीणों की मांग पर गांव में ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी लोगों ने अपनी बात रखी।

खूंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने कम समय में ग्राम सभा आयोजित कराने और इसकी जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्राम सभा में ग्रामीणों की राय और प्रकाशित समाचारों को संज्ञान में लेते हुए जिला प्रशासन ने सालीगुटू गांव की जमीन पर पुनर्वास योजना नहीं बनाने का निर्णय लिया।

ग्रामीणों ने इस जनहित के कार्य में सहयोग करने वाले प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, ग्राम सभा के प्रतिनिधियों और सभी ग्रामीणों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि एकजुटता, जागरूकता और सहभागिता से ही गांव और भविष्य की रक्षा संभव है।

सालीगुटू गांव की 3 एकड़ 84 डिसमिल जमीन पर पुनर्वास नीति के प्रस्ताव को निरस्त किए जाने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

Comments

और नया पुराने