जमशेदपुर: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा राष्ट्रीय अभियान "दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार" के तहत पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के प्रथम दिन बूथ आधारित टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किया गया, जिसमें शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।इस दौरान लोको कॉलोनी, ट्रैफिक कॉलोनी, बागबेड़ा, कैरेज, गोलपहाड़ी और रेलवे अस्पताल सहित कुल छह स्थानों पर बूथ स्थापित किए गए। सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने कॉलोनियों और आसपास के क्षेत्रों में अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए अपने बच्चों को बूथ तक लाकर पोलियो की दवा पिलाने की अपील की।
अभिभावकों ने भी उत्साह के साथ अभियान में भाग लिया और बड़ी संख्या में अपने बच्चों को लेकर बूथों पर पहुंचे।पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चला। अभियान के दूसरे दिन सिविल डिफेंस के जवान घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे, जो पहले दिन किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।रेलवे अस्पताल की वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. पोली टारगेन ने अभियान के लिए मेडिकल किट, चार्ट एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते हुए विभिन्न बूथों का आवंटन किया। अभियान को सफल बनाने में सिविल डिफेंस के जवान वीरेंद्र कुमार, विनोद कुमार, सरस्वती मुर्मू, तेजीता सहित अन्य स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags
जमशेदपुर
Comments