भीषण गर्मी में मिली राहत, PMO में शिकायत के बाद शुरू हुई खराब जलमीनार से जलापूर्ति

पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखण्ड अंतर्गत तिलोपदा, सुरबुडी, दुवारपारोम व सारजोमडीह गांव में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच पानी की किल्लत से जूझ रहे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। महीनों से खराब पड़ी जलमीनार की मरम्मत कराने के लिए कोल्हान अवाम अधिकार मोर्चा के अध्यक्ष व आरटीआई एक्टिविस्ट सिर्मा देवगम द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में की गई शिकायत का बड़ा असर देखने को मिला है। शिकायत के तत्काल बाद एक्शन लेते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने युद्ध स्तर पर कार्रवाई की और 5 जून 2026 को जलमीनार की मरम्मत कर जलापूर्ति को सफलतापूर्वक बहाल कर दिया।इलाके में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिसके चलते लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे थे। ऐसे समय में इलाके की मुख्य जलमीनार महीनों से खराब पड़ी थी, जिससे क्षेत्र में जल संकट गहरा गया था। इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए आरटीआई एक्टिविस्ट सिर्मा देवगम ने बिना देरी किए दिनांक 31 मई 2026 को प्रधानमंत्री कार्यालय को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

विभाग ने दिखाई तत्परताPMO स्तर से मामले के संज्ञान में आते ही महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद हरकत में आए पेयजल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी टीम को मौके पर भेजा और युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य कराया गया। शिकायत के महज कुछ दिनों के भीतर ही, 5 जून 2026 को जलमीनार को पूरी तरह ठीक कर दिया गया, जिससे लोगों के घरों में फिर से पानी पहुंचना शुरू हो गया है।पेयजल आपूर्ति बहाल होने से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। इस त्वरित समाधान के लिए लोगों ने आरटीआई एक्टिविस्ट सिर्मा देवगम की पहल और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के सख्त रुख की सराहना की है। लोगों का मानना है कि समय पर की गई इस शिकायत और विभाग की त्वरित कार्रवाई ने भीषण गर्मी में एक बड़े जल संकट को टाल दिया है।

Comments

और नया पुराने