जमशेदपुर: बिष्टुपुर में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड और शहर में लगातार बढ़ रहे अपराधों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को जमशेदपुर महानगर के सभी मंडलों में मशाल जुलूस निकालकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। जुलूस के माध्यम से भाजपा ने 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद को सफल बनाने की अपील भी की।भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में बढ़ती चापड़बाजी, चाकूबाजी, लूट, चोरी, अवैध लॉटरी, नशे के कारोबार और महिलाओं के साथ हो रही छिनतई जैसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया।
कार्यकर्ताओं ने हिमांशु सिंह हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।सीतारामडेरा मंडल के मशाल जुलूस में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू शामिल हुईं। वहीं, साकची पूर्वी मंडल के जुलूस में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह और महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा मौजूद रहे। बागबेड़ा एवं घाघीडीह मंडल के कार्यक्रम में पोटका विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा ने भाग लिया।
इसके अलावा महानगर के विभिन्न मंडलों में भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।मशाल जुलूस शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान भाजपा नेताओं ने व्यापारियों, दुकानदारों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से 3 जुलाई के जमशेदपुर बंद को समर्थन देने की अपील की।भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि यह आंदोलन केवल किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों के भयमुक्त जीवन के लिए जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की जनता एकजुट होकर बंद को सफल बनाएगी और सरकार तक अपना आक्रोश पहुंचाएगी।> नोट: यह समाचार भाजपा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें लगाए गए आरोप संबंधित पक्ष के हैं।
Tags
JAMSHEDPUR
Comments