जमशेदपुर: बिष्टुपुर में हुई हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में Bharatiya Janata Party जमशेदपुर महानगर ने जिला प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है। साथ ही, 2 जुलाई को शहर के सभी मंडलों में मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है।बुधवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई और हिमांशु सिंह हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
भाजपा ने मांग की है कि 48 घंटे के भीतर हिमांशु सिंह हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, घटना के समय मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जाए।ज्ञापन में भाजपा ने आरोप लगाया कि जमशेदपुर में हत्या, चाकूबाजी, लूट, चोरी, अवैध लॉटरी, नशे के कारोबार और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है।
पार्टी ने अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने की भी मांग की।मीडिया से बातचीत में संजीव सिन्हा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर नशा मुक्ति अभियान की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर शराब दुकानों की संख्या बढ़ाई जा रही है और देर रात तक संचालन की अनुमति दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है।संजीव सिन्हा ने कहा कि यदि प्रशासन ने तय समयसीमा में ठोस कार्रवाई नहीं की, तो 3 जुलाई का जमशेदपुर बंद ऐतिहासिक होगा और इसके लिए प्रशासन एवं राज्य सरकार जिम्मेदार होंगे।इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, बिनोद राय, मारुति नंदन पांडेय, रंजीत सिंह, उपेंद्र गिरी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
Tags
जमशेदपुर
Comments