धालभूमगढ़ में आंधी-तूफान का कहर, 20 से अधिक घर क्षतिग्रस्तविधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने खुद पहुंचकर बांटे तिरपाल, बीडीओ को दिया मुआवजे का निर्देश


धालभूमगढ़ : प्रखंड क्षेत्र के राउताडा गांव स्थित दांदूडीह टोला में बीते शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा में करीब 20 से अधिक ग्रामीणों के घर क्षतिग्रस्त हो गए। सबसे ज्यादा नुकसान टॉली और कच्चे मकानों को हुआ है। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और खाने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही घाटशिला विधायक Somesh Chandra Soren ने तुरंत संज्ञान लिया और मंगलवार सुबह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। विधायक ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हालात का जायजा लिया।

इस दौरान उनके साथ अर्जुन चंद्र हांसदा, प्रणव कुमार महतो, धीरेन पाल, कमल मंडल, अर्जुन मंडी एवं विधायक के निजी सचिव सुशील मुर्मू भी उपस्थित रहे।

संकट की घड़ी में विधायक ने मानवता का परिचय देते हुए प्रभावित परिवारों के बीच तत्काल तिरपाल का वितरण किया, ताकि लोगों को अस्थायी राहत मिल सके। ग्रामीणों ने विधायक के इस त्वरित सहयोग की सराहना की।

वहीं घटनास्थल पर ही विधायक ने दूरभाष के माध्यम से धालभूमगढ़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से बात कर सभी प्रभावित परिवारों को जल्द सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र राहत एवं पुनर्वास कार्य शुरू करने को कहा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी सहायता और क्षतिग्रस्त घरों के पुनर्निर्माण की मांग की है।

Comments

और नया पुराने