धालभूमगढ़। प्रखंड की नूतनगढ़ पंचायत अंतर्गत जोड़शोल गांव के बागासोल टोला में सोमवार सुबह भीषण अगलगी की घटना में स्थानीय निवासी शौकेन बास्के का घर जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना सुबह करीब 6 बजे हुई। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग की तेज लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
नगद, कागजात और घरेलू सामान जलकर राख
पीड़ित शौकेन बास्के ने बताया कि घर में रखे करीब ₹30 हजार नगद, जमीन का खतियान, बच्चों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र समेत कई जरूरी दस्तावेज आग में जल गए। इसके अलावा फ्रिज, कपड़े, बर्तन, अनाज और अन्य घरेलू सामान भी खाक हो गया। घटना में लगभग डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अगलगी के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।
रात में पहुंचे विधायक सोमेश चंद्र सोरेन
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक रात करीब 8 बजे पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और तत्काल राहत के तौर पर तिरपाल एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
विधायक ने घटनास्थल से ही थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी (CO) और प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) से फोन पर बात कर मामले में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा और हरसंभव सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा।
कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
मौके पर जिला उपाध्यक्ष प्रणव कुमार महतो, प्रखंड प्रमुख देवला हांसदा, प्रखंड सचिव नरेन सोरेन, विधायक के निजी सचिव सुशील मुर्मू, विनोद चौबे और धीरेन पाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
Comments