एमजीएम मेडिकल कॉलेज में सोलर बैटरी में ब्लास्ट से लगी आग, मची अफरा-तफरी

मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि लाइब्रेरी भवन के नीचे लगे सोलर पैनल की बैटरियों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया, जिससे लाइब्रेरी भवन और कैफेटेरिया धुएं से भर गया।
घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज एवं अस्पताल में तैनात दर्जनों सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी मौके की ओर दौड़ पड़े। आग पर काबू पाने के लिए कॉलेज परिसर में मौजूद पांच फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैटरियों में हुए ब्लास्ट के कारण आग तेजी से फैली, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद कॉलेज के पास मौजूद दमकल विभाग के कर्मचारी भी वाहन लेकर पहुंचे और आग को पूरी तरह से बुझा लिया गया। आग पर काबू पाने होमगार्ड जवान अखिलेश ओझा, योगेंद्र शर्मा, पंकज कुमार झा, प्रदीप मिश्रा, संजय कुमार प्रसाद समेत काफी संख्या में जवान शामिल थे।

Comments

और नया पुराने