मौत के इंतजार में एक और जिंदगी, इंसानियत को झकझोरती साकची की तस्वीर


भीषण गर्मी की मार झेल रहे से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने इंसानियत, व्यवस्था और समाज तीनों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। शहर में जहां लगातार बढ़ते तापमान और लू के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं, वहीं एक ही दिन में दो लोगों की मौत की खबरों ने लोगों को पहले ही डरा दिया है। लेकिन इन सबके बीच साकची से सामने आई एक घटना ने संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दीं।

साकची स्थित होटल विला के सामने गली में, लाइफ लाइन हॉस्पिटल के ठीक सामने एक व्यक्ति नग्न अवस्था में सड़क किनारे बेसहारा पड़ा हुआ है। उसकी हालत इतनी खराब है कि उसे देखकर ऐसा महसूस होता है मानो वह जिंदगी और मौत के बीच अंतिम सांसें गिन रहा हो। तेज धूप, गर्म सड़क और बदहाल स्थिति में पड़ा वह व्यक्ति मदद की आस में शायद घंटों से वहीं तड़प रहा है।

सबसे दुखद और शर्मनाक पहलू यह है कि उस रास्ते से गुजरने वाले सैकड़ों लोग उसे देख रहे हैं, लेकिन कोई रुककर उसकी मदद करने को तैयार नहीं। लोग नजरें फेरकर आगे बढ़ जा रहे हैं, जैसे सड़क पर पड़ा वह इंसान नहीं बल्कि कोई बेकार वस्तु हो। किसी ने उसे पानी देने की कोशिश नहीं की, किसी ने कपड़ा नहीं डाला और न ही किसी ने प्रशासन या एम्बुलेंस को सूचना देना जरूरी समझा।

यह घटना सिर्फ एक बेसहारा व्यक्ति की नहीं, बल्कि हमारे समाज की मरती हुई संवेदनाओं की तस्वीर है। सवाल यह उठता है कि क्या गरीब और लाचार लोगों की जिंदगी की कोई कीमत नहीं रह गई है? क्या इंसानियत अब सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट और भाषणों तक सीमित होकर रह गई है? एक तरफ बड़े-बड़े समाजसेवा के दावे किए जाते हैं, तो दूसरी ओर सड़क पर तड़पते इंसान को देखने तक की फुर्सत किसी के पास नहीं।

और सबसे बड़ा सवाल प्रशासन पर भी खड़ा होता है। शहर के व्यस्त इलाके में, अस्पताल के सामने यदि कोई व्यक्ति इस हालत में घंटों पड़ा रहे और उसे कोई राहत न मिले, तो यह व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है। जरूरत है कि स्वास्थ्य विभाग, नगर प्रशासन और समाजसेवी संस्थाएं तुरंत सक्रिय हों और ऐसे लोगों के लिए राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

आज जरूरत सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि समाज की जागती हुई इंसानियत की है। क्योंकि यदि सड़क पर तड़पते इंसान को देखकर भी हमारा दिल नहीं पसीजता, तो यह सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की हार है।

Comments

और नया पुराने