आधी-तूफान से दलखाम टोला में भारी तबाही, 20 घर क्षतिग्रस्त


गरुड़बासा के दलखाम टोला में सोमवार को आए तेज आधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अचानक आए तेज हवा और बारिश के कारण लगभग 18 से 20 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई घरों की एस्बेस्टस की छतें उड़ गईं, जबकि घरों में रखा दैनिक उपयोग का सामान भी बर्बाद हो गया।


ग्रामीणों के अनुसार, तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई घरों की छतें उड़कर दूर जा गिरीं। कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

तूफान के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। घरों के टूटने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज गर्मी और बदले मौसम के बीच प्रभावित परिवारों के सामने भोजन और रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।


घटना की सूचना मिलते ही हूरलूग पंचायत की मुखिया लीला मुंडा मौके पर पहुंचीं और प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित परिवारों को तत्काल तिरपाल उपलब्ध कराया, ताकि लोग अस्थायी रूप से रहने की व्यवस्था कर सकें। साथ ही उन्होंने प्रशासन से जल्द राहत सामग्री और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों का सर्वे कर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे अपने क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत कर फिर से सामान्य जीवन जी सकें। गांव के लोगों का कहना है कि गरीब परिवारों के लिए बिना सरकारी मदद के दोबारा घर बनाना बेहद मुश्किल होगा।

Comments

और नया पुराने