जमशेदपुर : सकची थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने पति और ननद पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसका पति लंबे समय से शराब के नशे में उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और घरेलू हिंसा करता था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
पीड़िता ज्योति कुमारी सिंह ने बताया कि 19 मई 2026 की रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच उसका पति नशे की हालत में घर पहुंचा और पैसे की मांग करने लगा। मना करने पर आरोपी ने कथित रूप से लोहे के पाइप से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के अनुसार, घटना के दौरान उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया और बालकनी से नीचे फेंकने का प्रयास किया गया।
घटना के बाद घायल अवस्था में महिला को इलाज के लिए MGM अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर पर 18 टांके लगाए गए। पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि उसकी ननद ने भी उसे धमकी दी और केस वापस नहीं लेने पर अपहरण या हत्या कराने की बात कही।
महिला ने बताया कि इस मामले में पहले से सकची थाना कांड संख्या 41/2026 दर्ज है, जिसमें उसके पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला चल रहा है और वह वर्तमान में जेल में है। इसके बावजूद परिवार की ओर से लगातार धमकी मिलने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से उचित कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
Comments