सरायकेला के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा हादसा: हाईटेंशन तार की चपेट में आने से लॉजिस्टिक कंटेनर में लगी भीषण आग, चालक गंभीर रूप से घायल, इलाके में मची अफरा-तफरी

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत पम्मी धर्मकांटा के समीप हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से एक लॉजिस्टिक कंटेनर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे एक बड़ा लॉजिस्टिक कंटेनर वजन कराने के लिए पम्मी धर्मकांटा की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन का ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया। तार के संपर्क में आते ही तेज चिंगारी निकली और देखते ही देखते कंटेनर आग की लपटों में घिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कंटेनर का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे किसी तरह वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर हाईटेंशन तार के संपर्क में आने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

इस घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

और नया पुराने