नई दिल्ली / रांची : देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों का भव्य समारोह आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित किया जाएगा, जहां राष्ट्रपति Droupadi Murmu देश की 131 प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित करेंगी। कला, साहित्य, खेल, विज्ञान, समाज सेवा और सार्वजनिक जीवन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महान हस्तियों को इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
झारखंड के लिए आज का दिन बेहद गर्व और भावनाओं से जुड़ा हुआ है। झारखंड आंदोलन के प्रमुख स्तंभ, Shibu Soren को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें सार्वजनिक जीवन में उनके दशकों लंबे योगदान और अलग झारखंड राज्य के निर्माण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका के लिए दिया जा रहा है।
‘दिशोम गुरु’ के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन ने आदिवासी समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और झारखंड की पहचान के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। उनके नेतृत्व में चले आंदोलन ने झारखंड राज्य गठन की लड़ाई को नई दिशा दी और अंततः वर्ष 2000 में अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ।
इस सम्मान की घोषणा के बाद पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। राजनीतिक, सामाजिक और आदिवासी संगठनों ने इसे झारखंड की अस्मिता और संघर्ष की जीत बताया है। लोगों का कहना है कि शिबू सोरेन का योगदान केवल राजनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि वे झारखंड की पहचान और आवाज थे।
आज राष्ट्रपति भवन में होने वाला यह सम्मान समारोह झारखंड के इतिहास में एक भावुक और गौरवपूर्ण पल के रूप में याद किया जाएगा।
Comments