jamshedpur : काशीडीह के बंद फ्लैट में लगी आग, पड़ोसियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा


जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित काशीडीह के सगुण पैलेस अपार्टमेंट में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंद फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग चौथे तल्ले पर स्थित एक फ्लैट में लगी, जिससे पूरे अपार्टमेंट में धुआं फैल गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार फ्लैट के मालिक विदेश में रहते हैं और फ्लैट काफी समय से बंद पड़ा था। बताया जा रहा है कि कमरे में रखे गद्दे में अचानक आग लग गई, जिसके बाद धुआं तेजी से बाहर निकलने लगा। धुआं उठता देख पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना साकची थाना पुलिस और दमकल विभाग को दी।

हालांकि अपार्टमेंट तक जाने वाला रास्ता काफी संकरा होने के कारण दमकल विभाग की बड़ी गाड़ियां सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में स्थानीय लोगों और पड़ोसियों ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए पाइप और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं दमकल विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो आग आसपास के फ्लैटों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Comments

और नया पुराने