सरायकेला-खरसावां: कपाली ओपी क्षेत्र स्थित कम्हरगोड़ा ईंट भट्टा के पास स्वर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर-14 निवासी शेख सलमान हुसैन के रूप में हुई है। इस हादसे से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।मृतक के दोस्त तौकीर ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 3 बजे वह, सलमान, अफराज और अन्य दोस्त स्वर्णरेखा नदी में नहाने पहुंचे थे। वहां पहले से भी कई युवक मौजूद थे। इसी दौरान सलमान ने नदी में छलांग लगा दी, लेकिन कुछ ही क्षण बाद वह गहरे पानी में डूबने लगा।तौकीर के अनुसार, उसने सलमान को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी का तेज बहाव उसे भी अपनी ओर खींचने लगा। अपनी जान जोखिम में पड़ती देख उसे पीछे हटना पड़ा। इसके बाद वह और अफराज तुरंत कपाली ओपी पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही कपाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय मछुआरों की मदद से सलमान को नदी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। दोस्तों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सलमान सहित उसके कई दोस्तों को तैरना भी नहीं आता था, फिर भी वे नदी में नहाने उतर गए। यह हादसा एक बार फिर नदी, डैम और गहरे जलाशयों में लापरवाही से नहाने के खतरों की ओर इशारा करता है।फिलहाल कपाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह हादसा युवाओं के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि थोड़े से रोमांच या मौज-मस्ती के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें।
Tags
सरायकेला
Comments