चौकेगड़िया गांव के फुटबॉल मैदान के सामने साइकिल के साथ मिला 70 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग का शव, पहचान में जुटी पुलिस


सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल-कुकड़ू क्षेत्र स्थित चौकेगड़िया गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब फुटबॉल मैदान के सामने एक अज्ञात बुजुर्ग का शव साइकिल के साथ पड़ा मिला। मृतक की उम्र लगभग 70 वर्ष बताई जा रही है।स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक बुजुर्ग को अचेत अवस्था में पड़े देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। शव के पास एक साइकिल भी मिली है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और बुजुर्ग के परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।इधर, क्षेत्र में अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और मृतक की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है।

Comments

और नया पुराने