24 घंटे बाद स्वर्णरेखा नदी से युवक का शव बरामद, एनडीआरएफ की टीम ने निकाला शव


चांडिल: चौका थाना क्षेत्र के जायदा मंदिर के समीप स्वर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान डूबे युवक का शव लगभग 24 घंटे बाद मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। मृतक की पहचान प्रेम कुमार (23 वर्ष), पिता विक्रम कुमार, निवासी आदर्श कॉलोनी, सोनारी, जमशेदपुर के रूप में हुई है।बताया जाता है कि सोमवार की शाम करीब 6 बजे प्रेम कुमार अपने दोस्तों के साथ स्वर्णरेखा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के समय उसके साथी रील बना रहे थे। युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल इसकी सूचना चौका थाना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से खोजबीन शुरू की गई, लेकिन देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम ने स्वर्णरेखा नदी में विशेष सर्च अभियान चलाया। घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने घटना स्थल के समीप से युवक का शव बरामद कर लिया। शव मिलने की खबर के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, झामुमो नेता चारू चंद किस्कु, ओम प्रकाश लायक और काबलू महतो समेत कई जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।वहीं, चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा सोमवार से ही घटनास्थल पर कैंप कर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे थे। सर्च अभियान के दौरान चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी भी लगातार मौजूद रहे और बचाव कार्य का जायजा लेते रहे।शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Comments

और नया पुराने