जमशेदपुर: जमशेदपुर ग्रीन स्टील राउंड टेबल 224 (JGSRT 224) और जमशेदपुर ग्रीन स्टील लेडीज़ सर्किल 123 (JGSLC 123) के संयुक्त तत्वावधान में जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। चेयरमैन विवेक नरेड़ी और चेयरपर्सन स्नेहा संधू के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से 250 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
टूर्नामेंट में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-19, पुरुष एवं महिला एकल, युगल, मिक्स्ड डबल्स और जंबो डबल्स सहित विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का संचालन ईस्ट सिंहभूम बैडमिंटन एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नॉकआउट प्रारूप में किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।समापन समारोह के मुख्य अतिथि डिप्टी कमांडेंट मोहनिश कुमार रहे, जबकि बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव प्रभाकर राव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक राजेश कुमार पटेल को भी सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता में महिला एकल का खिताब अनुष्का कच्छप, पुरुष एकल में कीर्तन अग्रवाल, महिला युगल में जल्पा पारिख–जसलीन कौर, पुरुष युगल (35+) में नजमुल–मुज़म्मिल, ओपन पुरुष युगल में कीर्तन–अनीश तथा मिक्स्ड डबल्स में अनाहिता–वकास की जोड़ी विजेता रही।विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कुल 53 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चेयरमैन विवेक नरेड़ी ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रभावी मंच हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रायोजकों, स्वयंसेवकों और आयोजन समिति के सदस्यों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
Tags
जमशेदपुर
Comments