जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर आजसू का हमला, कहा- अपराधियों के हौसले बुलंद, पुलिस ट्रैफिक चेकिंग में व्यस्त


जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर आजसू पार्टी ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई है। पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि पुलिस का अधिक ध्यान ट्रैफिक चेकिंग अभियान पर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि बिष्टुपुर स्थित डी.डी. बार के समीप हुई चापड़बाजी की घटना में घायल हिमांशु सिंह की मौत ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने कहा कि इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली संदेह के घेरे में है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते पुलिस ने सख्ती और तत्परता दिखाई होती, तो संभवतः एक युवक की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि घटना के समय पुलिस की मौजूदगी की बात सामने आ रही है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए।

आजसू पार्टी ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके तथा आम जनता का कानून-व्यवस्था पर विश्वास बना रहे। पार्टी ने शहर में चापड़बाजी और अन्य संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने की भी मांग की है।

Comments

और नया पुराने