रांची: ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को झारखंड के राज्यपाल महामहिम संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर समाज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर 9 सूत्री मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ब्राह्मण महासभा के संयोजक मनोज पाण्डेय और अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय ने किया।प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को बताया कि राज्य में ब्राह्मण समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति अपेक्षाकृत संतोषजनक नहीं है। ऐसे में समाज की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार से सहयोग और ठोस पहल की आवश्यकता है।
इस दौरान उन्होंने समाज की विभिन्न मांगों को राज्यपाल के समक्ष रखा।ब्राह्मण समाज की ओर से प्रस्तुत 9 सूत्री मांगों में ब्राह्मण आयोग के गठन, धार्मिक न्यास परिषद में साधु-संतों की नियुक्ति, सभी मठ-मंदिरों के पुजारियों को न्यूनतम 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल थी।इसके अलावा बीपीएल श्रेणी के ब्राह्मण परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति अनुदान, सर्वे आधारित बीपीएल ब्राह्मण परिवारों को बच्चों की पढ़ाई एवं विवाह के लिए 10 लाख रुपये तक की सहायता राशि, भगवान परशुराम के प्राकट्य दिवस अक्षय तृतीया को सरकारी अवकाश घोषित करने, राज्य की राजधानी में भगवान परशुराम मंदिर, धर्मशाला और गौशाला निर्माण हेतु 11 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पद पर ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि की नियुक्ति तथा संस्कृत विषय को पहली कक्षा से दसवीं कक्षा तक पूर्व की भांति अनिवार्य विषय के रूप में लागू करने की मांग भी शामिल थी।प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित आवेदन को मुख्यमंत्री के पास अग्रसारित करने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के प्रदेश प्रभारी देवचरण पाण्डेय, विपिन पाण्डेय, रौशन पाण्डेय सहित अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Comments