सरायकेला मोड़ पर सघन वाहन जांच अभियान, नियम उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई

चाईबासा: जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के निर्देश पर मंगलवार को सरायकेला मोड़ के समीप मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई।जांच के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्रिंक एंड ड्राइव, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण-पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।अभियान के क्रम में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ भी विशेष जांच की गई। मौके पर उपस्थित मोटरयान निरीक्षक ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

 साथ ही वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा तेज गति, लापरवाही और असावधानीपूर्वक वाहन संचालन से बचें।उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वाहन चालक नियमों का पालन करें और जागरूकता का परिचय दें।अभियान के दौरान यात्री वाहनों की जांच में एक बस का परमिट त्रुटिपूर्ण पाए जाने पर उसे जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को सुपुर्द कर दिया गया। जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Comments

और नया पुराने