चाईबासा: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को कांग्रेस भवन चाईबासा परिसर में कांग्रेसियों की ओर से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा का संदेश दिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की अपील की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि राहुल गांधी का राजनीतिक जीवन देश के किसानों, मजदूरों, युवाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन को सेवा, समर्पण और जनहित के कार्यों के माध्यम से मनाना उनके विचारों और मूल्यों के प्रति सम्मान है।
रंजन बोयपाई ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण को शुद्ध रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ जीवन का आधार हैं।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि राहुल गांधी समय-समय पर प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समानता और सतत विकास जैसे मुद्दों को उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि लगाया गया प्रत्येक पौधा पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और बेहतर भविष्य के निर्माण का प्रतीक है।
कार्यक्रम में आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई, प्रदेश सचिव राम सिंह सावैयां, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीष गोप, यूथ इंटक जिलाध्यक्ष सुरेश सावैयां, वरीय कांग्रेसी मोहन सिंह हेम्ब्रम, राजेन्द्र कच्छप, कार्यालय सचिव सुशील दास, चंदन पासवान, मो. ईरशाद, राहुल पान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Comments