जादूगोड़ा: हितकु पंचायत के मुखिया पलटन मुर्मू ने नरवा पहाड़ एवं आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यों के लिए पानी टैंकर उपलब्ध कराने की मांग यूसिल (यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड) प्रबंधन से की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।मुखिया पलटन मुर्मू ने कहा कि कंपनी को अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत क्षेत्र के लोगों की बुनियादी जरूरतों और विकास कार्यों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सामाजिक कार्यक्रमों और ग्रामीण आवश्यकताओं को देखते हुए पानी टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।इसके साथ ही उन्होंने पूर्व में संचालित निशुल्क ग्रामीण चिकित्सा सेवा को पुनः शुरू करने, कंपनी से सटे प्रभावित गांवों के धार्मिक स्थलों की चारदीवारी निर्माण कराने, मुख्य सड़कों पर सोलर लाइट लगाने, ग्रामसभा द्वारा चयनित स्थानीय लोगों को यूसिल की ठेका कंपनियों में रोजगार देने तथा युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था करने की मांग भी रखी है।मुखिया ने कहा कि नियोजन में कम से कम 70 प्रतिशत स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर जल्द ही एक विस्तृत मांगपत्र यूसिल प्रबंधन को सौंपा जाएगा।उन्होंने उम्मीद जताई कि कंपनी प्रबंधन जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करेगा, अन्यथा क्षेत्र के लोग लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
Tags
जादूगोड़ा
Comments