चाईबासा: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को चाईबासा बस स्टैंड चौक स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर उपायुक्त मनीष कुमार और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर अंचल अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी।इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि जनजातीय अस्मिता, सामाजिक चेतना और आत्मसम्मान के प्रतीक थे। उन्होंने समाज को अन्याय, शोषण और दमन के विरुद्ध संगठित होकर संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और जनकल्याण के मूल्यों का संदेश देता है।उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उनके समय में थे। युवाओं को उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज निर्माण और राष्ट्र विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।उपायुक्त ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलकर समरस, सशक्त और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी धरती आबा को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
धरती आबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर प्रशासन ने दी श्रद्धांजलि
byAvinash Sharma
-
0
Comments