सफाई कर्मियों के अधिकारों को लेकर यूथ इंटक का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा मांगपत्र

जमशेदपुर: राज्यभर में कार्यरत सफाई एवं स्वच्छता कर्मियों की समस्याओं, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर यूथ इंटक ने आवाज बुलंद की है। यूथ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला श्रम आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपकर सफाई कर्मियों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की।सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि सफाई एवं स्वच्छता कर्मी प्रतिदिन कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य कर शहरों एवं गांवों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद वे आज भी कई बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा से वंचित हैं।मांगपत्र में साप्ताहिक अवकाश के दौरान वेतन कटौती पर रोक लगाने, मेडिकल अलाउंस उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय अवकाश, आकस्मिक अवकाश एवं बीमार अवकाश की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इसके अलावा सभी सफाई कर्मियों को जीवन बीमा, भविष्य निधि (पीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), ग्रेच्युटी एवं फाइनल सेटलमेंट जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।यूथ इंटक ने सफाई कर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक माह मास्क, दस्ताने, सुरक्षा जूते एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन ने न्यूनतम वेतन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, कार्यस्थल पर दुर्घटना की स्थिति में उचित मुआवजा एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने, ठेका प्रथा में पारदर्शिता लाने तथा श्रमिकों के शोषण पर रोक लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।संगठन ने सफाई कर्मियों की नियमित नियुक्ति, स्थायीकरण तथा कार्य के निर्धारित घंटे तय करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि ये मांगें केवल श्रमिकों के अधिकारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी गरिमा, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन से भी जुड़ी हुई हैं।यूथ इंटक ने राज्य सरकार और प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि सफाई कर्मियों को उनका उचित अधिकार, सुरक्षा और सम्मान मिल सके।

Comments

और नया पुराने