जमशेदपुर: झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे। प्रवास के पहले दिन उन्होंने भाजपा जमशेदपुर महानगर की विभिन्न बैठकों में भाग लेकर संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की।बिष्टुपुर स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, आगामी कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान जिला प्रभारी बबन गुप्ता भी मौजूद रहे।बैठक को संबोधित करते हुए भानु प्रताप शाही ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सुझाव, अनुभव और भावनाओं का सम्मान पार्टी की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है तथा उनके सुझावों और समस्याओं को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं जनोन्मुख बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्षों, पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों, पूर्व जिला पदाधिकारियों एवं निवर्तमान मंडल अध्यक्षों के साथ अलग बैठक कर संगठन की जमीनी स्थिति, अनुभव और विभिन्न विषयों पर सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव संगठन की अमूल्य पूंजी है, जिसका लाभ लेकर भाजपा संगठन विस्तार और जनसेवा के अभियान को और गति देगी।महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने पिछले एक माह के दौरान जिले में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आगामी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं जिला प्रभारी बबन गुप्ता ने जिले में सफल कार्यक्रमों की सराहना करते हुए एसआईआर से जुड़े विषयों पर संगठनात्मक तैयारियों और रणनीति की जानकारी साझा की।
संध्याकाल में भानु प्रताप शाही ने मानगो स्थित एक होटल में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और उनके विचार सुने।अपने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को भानु प्रताप शाही विचार परिवार के वरिष्ठजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे सीतारामडेरा एवं गोलमुरी मंडल में बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा करेंगे।
Tags
जमशेदपुर
Comments