सीसीएल के नोटिस के विरोध में सौंदा डी परियोजना कार्यालय पर ग्रामीणों का विशाल धरना, बड़कागांव व मांडू विधायक ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

रामगढ़: जिले के बरका सयाल क्षेत्र अंतर्गत भुरकुंडा की सौंदा बस्ती टिपला के ग्रामीणों को सीसीएल द्वारा मकान खाली करने के लिए जारी किए गए नोटिस के विरोध में सोमवार को सौंदा डी परियोजना कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने भाग लेकर सीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और नोटिस वापस लेने की मांग की।

धरना-प्रदर्शन में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, जिला परिषद सदस्य शाह तथा सांसद प्रतिनिधि राजाराम प्रजापति सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सीसीएल द्वारा ग्रामीणों को मकान खाली करने का नोटिस देना उनके अधिकारों का हनन है और इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।सभा को संबोधित करते हुए बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी और मांडू विधायक निर्मल महतो ने कहा कि वे ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।

 उन्होंने सीसीएल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ग्रामीणों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों की एक इंच जमीन भी जबरन अधिग्रहित नहीं होने दी जाएगी।धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता मिथुन कुमार ने की, जबकि संचालन शशिकांत प्रसाद ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिनोद कुमार, विक्रांत साव, अशोक बाउरी, पवन कुमार, पिंटू कुमार, सचिन बाउरी, अरविंद प्रसाद, लक्ष्मी देवी, चिंता देवी, सरिता देवी, पूजा कुमारी समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।धरना के दौरान ग्रामीणों ने सीसीएल प्रबंधन से नोटिस वापस लेने, विस्थापन से जुड़े मामलों का न्यायसंगत समाधान निकालने तथा स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट संकेत दिया कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

Comments

और नया पुराने